देवास, 02 मई।
मध्य प्रदेश के देवास शहर के औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक-1 में स्थित श्रीनिवास बोर्ड एंड पेपर प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पूरे इलाके में धुआं और लपटें दूर-दूर से दिखाई दे रही थीं। आग की शुरुआत फैक्ट्री परिसर में रखे पेपर और कच्चे माल से हुई, जो कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री में फैल गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दो घंटे तक लपटें उठती रहीं, जिससे वातावरण और अधिक गंभीर होता गया। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने जैसे ही धुंआ देखा, वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं, और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन भारी स्टॉक के कारण आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का अनुमान लगाया जा सकेगा।











