आगरमालवा, 02 अप्रैल।
आगरमालवा जिले के सोयतकलां क्षेत्र में एक नौ वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी भगवानसिंह मण्डलोई ने बताया कि पीड़िता बुधवार को अपने घर के पास सहेली के यहाँ खेलने गई थी, लेकिन सहेली वहां नहीं मिलने के कारण वापस लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी अबरार (22) पुत्र मोईन ने रास्ते में बालिका के साथ छेड़छाड़ की। घटना के समय पीड़िता के पिता खेत में कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता और अन्य परिजन तुरंत पुलिस थाना पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगरमालवा महिला थाना प्रभारी केशरिंसिंह राजपूत भी सोयतकलां पहुंची और आरोपी अबरार के खिलाफ 354(74), 7/8, पास्को एक्ट सहित अन्य प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोयतकलां थाना प्रभारी मण्डलोई ने बताया कि आरोपी अफरोज उर्फ नसरू (22) पुत्र मोईन उद्दीन को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।












