भोपाल, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में शिप्रा नदी के घाट आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के स्नान और अन्य सुविधाओं के लिए पूरी तरह तैयार किए जा रहे हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं और कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को उज्जैन प्रवास के दौरान निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया और मीडिया से बातचीत में बताया कि श्री अंगारेश्वर और श्री सिद्धवट के बीच नए घाटों का अवलोकन किया गया। घाटों पर स्नान और अन्य सुविधाओं के लिए लगभग 200 मीटर क्षेत्र में वस्त्र बदलने की व्यवस्था, सुविधाजनक टॉयलेट और 200 मीटर दूरी पर सुविधा घर विकसित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य घाटों तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए 500 मीटर दूरी पर सीढ़ियाँ और अन्य पहुँच मार्ग बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री सिद्धवट और श्री अंगारेश्वर मंदिर के बीच निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण भी किया। यह पुल दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान बनाएगा और श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगा। घाटों पर स्नान के लिए पांच मीटर चौड़ा घाट तैयार किया जा रहा है, जिससे बैठने और आने-जाने की पर्याप्त सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन स्थित श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर पंचामृत से अभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।












