मुंबई, 30 मार्च।
सिटी स्ट्रीट वेंडर्स (फेरीवालों) की मेन कमेटी और सात ज़ोनल कमेटियों के चुनावों की मतगणना सोमवार को पूरी कर ली गई है। चुने गए सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान कर दिया गया है, लेकिन चुनावी नतीजे कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बॉम्बे हाई कोर्ट में जमा किए जाएंगे। यह जानकारी मुंबई महानगरपालिका ने साझा की।
मतगणना मनपा कमेटी हॉल में शनिवार और रविवार को शुरू हुई थी और सोमवार सुबह इसे समाप्त कर दिया गया। इस चुनाव का आयोजन 29 अगस्त, 2024 को हुआ था। औसतन 49.46 प्रतिशत मतदान हुआ था, लेकिन कोर्ट में दायर याचिकाओं के कारण परिणाम कानूनी जटिलताओं में फंसे हुए थे। फेरीवालों की संख्या और अन्य मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए थे। सभी बैलेट बॉक्स स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखे गए थे। हाई कोर्ट ने 23 मार्च 2026 को इस मामले में अंतिम निर्णय सुनाते हुए वोटों की गिनती पर लगी रोक हटाई और प्रशासन को निर्देश दिया कि बिना विलंब के नतीजे घोषित किए जाएं।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद कुल 136 बैलेट बॉक्स खोले गए और वोटों की गिनती पूरी की गई। रिटर्निंग ऑफिसर्स ने मनपा लाइसेंसिंग विभाग के करीब 200-250 कर्मचारियों की मदद से उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वोटों की गिनती कराई। सबसे पहले बैलेट पेपर्स आरक्षण के अनुसार बांटे गए, इसके बाद असली मतगणना शुरू हुई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर (विशेष) विनायक विस्पुते, लाइसेंसिंग सुपरिटेंडेंट अनिल काटे और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
वोटों की गिनती के नतीजे हाई कोर्ट के आदेश के बाद ही सार्वजनिक किए जाएंगे। प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप हुई है, जिससे सभी फेरीवालों और उम्मीदवारों का विश्वास बना रहे।










