नई दिल्ली, 01 अप्रैल।
देश में नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले ही दिन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में वृद्धि की घोषणा कर दी है। हालांकि यह बढ़ोतरी केवल 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडरों पर लागू होगी। आज सुबह से ही इन सिलेंडरों की कीमतों में 218 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर महंगे हो गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत अब 2,078.50 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में 2,031 रुपये, चेन्नई में 2,246.50 रुपये और कोलकाता में 2,208 रुपये तक पहुंच गई है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलेंडर पहले 1,883 रुपये में उपलब्ध था, अब यह 2,078.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 1,990 रुपये से बढ़कर 2,208 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 1,835 रुपये से बढ़कर 2,031 रुपये हो गया, वहीं चेन्नई में कीमत 2,043.50 रुपये से बढ़ाकर 2,246.50 रुपये हो गई है।
पिछले चार महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। जनवरी में यह 111 रुपये बढ़ा था, फरवरी में 49 रुपये, 1 मार्च को 28 रुपये और 7 मार्च को 114.5 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। दिसंबर 2025 में 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई थी।
घरेलू सिलेंडरों पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सात मार्च 2026 को घरेलू सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ी थी। आईओसी के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 913 रुपये है। मुंबई में यह 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है।












