काठमांडू, 31 अक्टूबर।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में शुक्रवार की मध्य रात पुलिस ने कई मीडिया संस्थानों में छापेमारी की। इस दौरान करीब आधा दर्जन पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस सबसे पहले अनामनगर स्थित ऑनलाइन समाचार पोर्टल दियो पोस्ट के कार्यालय पहुंची। यहां प्रधान संपादक सुदीप बिश्वकर्मा और न्यूज कोऑर्डिनेटर मदन ढुंगाना को अपने साथ ले गई। कार्यालय में मौजूद एक पत्रकार के मुताबिक, सादे कपड़ों में आए चार पुलिसकर्मियों ने दोनों को बातचीत के लिए ले जाने की बात कही।
नेपाल प्रेस के कार्यालय में भी पुलिस ने कार्रवाई की। वहां से बिश्वमणि सुबेदी को न्यूज रूम से हिरासत में लिया गया। इसी तरह बिजुलीबाजार स्थित एक मीडिया संस्थान में पहुंची पुलिस ने मोटिवेट न्यूज के पत्रकार शोभराज बराल को भी अपने नियंत्रण में ले लिया।
डीएनए खबर के प्रधान संपादक धीरज बस्नेत को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पोर्टल के एक पत्रकार ने बताया कि बस्नेत को दोपहर में काठमांडू पुलिस अपराध जांच कार्यालय, टेकू से फोन आया था। उन्हें ई-सेवा से जुड़े कथित घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें वहीं रुकने के लिए कहा गया।
दैनिक समाचार पत्र नया पत्रिका के कार्यालय में भी पांच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी पहुंचे। वे संवाददाता नवराज मैनाली को साइबर ब्यूरो ले जाना चाहते थे। संपादक खगेन्द्र पंत के अनुसार, पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट नहीं दिखाया और मैनाली को जबरन कार्यालय से ले गई।
दियो पोस्ट के कार्यालय में पुलिस के पहुंचने की भी खबर है। पोर्टल ने मुख्य न्यायाधीश से जुड़ी एक खबर को लेकर धमकी मिलने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस संपादक और एक पत्रकार को अपने साथ साइबर ब्यूरो ले गई।
आधी रात हुई पुलिस कार्रवाई का सत्तापक्ष और विपक्ष के दलों ने कड़ा विरोध किया है।















