वाशिंगटन, 31 अक्टूबर।
अमेरिका ने यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए 500 पैट्रियट पीएसी-3 मिसाइल रोधी इंटरसेप्टर की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस सौदे की अनुमानित लागत 2.1 अरब अमेरिकी डॉलर है। इसकी पूरी राशि यूरोपीय सहयोगी देशों और कनाडा द्वारा जुटाई जाएगी। इसमें अमेरिका की ओर से कोई वित्तीय योगदान नहीं होगा।
अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को इस मंजूरी की औपचारिक घोषणा की। विभाग के अनुसार, प्रस्तावित खरीद का उद्देश्य यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करना और मौजूदा तथा भविष्य में सामने आने वाले मिसाइल खतरों से बचाव करना है।
इस खरीद में कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे अमेरिकी जंपस्टार्ट कार्यक्रम के माध्यम से योगदान देने की उम्मीद है। इसके साथ यूरोपीय संघ की ऋण सुविधा से भी आर्थिक सहायता मिलेगी। अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन इस प्रस्तावित सौदे की मुख्य ठेकेदार होगी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर की खरीद को अमेरिकी मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे एक मजबूत निर्णय बताते हुए कहा कि 500 पीएसी-3 इंटरसेप्टर से यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
जेलेंस्की के अनुसार, ये मिसाइलें सर्दियों के दौरान यूक्रेन के लिए प्रभावी रक्षा व्यवस्था तैयार करने में मदद कर सकती हैं। उन्होंने देश की तत्काल सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए अमेरिका से इनकी आपूर्ति जल्द करने का आग्रह किया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में जेलेंस्की ने कहा था कि कीव करीब एक महीने से पैट्रियट और नासाम्स वायु रक्षा प्रणालियों के लिए जरूरी मिसाइलों की आपूर्ति को लेकर अमेरिकी औपचारिक मंजूरी का इंतजार कर रहा था।















