नोएडा, 02 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा थाना सेक्टर-58 पुलिस ने चोरी की बाइक से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को बीती रात गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों के पास से चोरी की बाइक, लूटे हुए 12 मोबाइल फोन और लोगों को डराने के लिए रखे गए चाकू बरामद किए गए।
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-60 के पास से आरोपित विनेश उर्फ राहुल और सलमान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए, जो नोएडा, दिल्ली और आसपास के इलाकों से लूटे गए थे।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की बाइक से राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनते थे। इसके अलावा बरामद बाइक के संबंध में खुलासा हुआ कि इसे सेक्टर-3 से चोरी किया गया था, जिस पर फेस-1 थाना में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।










