मुंबई, 31 मार्च।
महाराष्ट्र हाउसिंग अंडर डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) के 2640 घरों की लॉटरी के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। इस लॉटरी का शुभारंभ म्हाडा के उपाध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जायसवाल ने किया।
जायसवाल ने बताया कि लॉटरी में कन्नमवार नगर-विक्रोली, पत्राचल सिद्धार्थ नगर-गोरेगांव, जूना मगाठाणे-बोरीवली, गोराई-बोरीवली, सुभाष नगर-चेंबूर, गांधीनगर-बांद्रा, पंतनगर-घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, कोपरी-पवई, माझगांव, तुंगा पवई, लोकमान्य नगर-दादर, पहाड़ी गोरेगांव और एंटॉप हिल-वडाला जैसे हाउसिंग प्रोजेक्ट शामिल हैं। यह घर अलग-अलग इनकम ग्रुप के लिए निर्धारित किए गए हैं और "जैसी है, वैसी है" नीति के अनुसार उपलब्ध होंगे। लॉटरी विजेताओं को घर का पजेशन देने से पहले म्हाडा की ओर से आवश्यक मरम्मत और सुधार का काम किया जाएगा।
जायसवाल ने आवेदकों को निर्देश दिया कि लॉटरी में भाग लेने के लिए केवल म्हाडा की अधिकृत वेबसाइट https://housing.mhada.gov.in और IHLMS 2.0 इंटीग्रेटेड म्हाडा हाउसिंग लॉटरी सिस्टम मोबाइल ऐप का उपयोग करें। यह मोबाइल ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी, जिसमें पंजीकरण, दस्तावेज़ जमा करना, वेरिफिकेशन, डिपॉज़िट भुगतान और घर मिलने के बाद बाकी राशि का भुगतान शामिल है।
मुख्य अधिकारी मिलिंद बोरिकर ने बताया कि इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन के लिए 145 घर, लोअर इनकम ग्रुप के लिए 858 घर, मिडिल इनकम ग्रुप के लिए 1408 घर और हायर इनकम ग्रुप के लिए 229 घर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। आवेदकों को मार्गदर्शन और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 022-69468100 24×7 उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही गाइड बुक, वीडियो और अन्य मदद के माध्यम से कंप्यूटराइज्ड सिस्टम में आवेदन करने की पूरी जानकारी भी दी जा रही है।











