भोपाल, 02 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश में राज्य शिक्षा केन्द्र आज गुरुवार को दोपहर 2 बजे आरटीई अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के निःशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन लॉटरी का आयोजन करेगा। इस प्रक्रिया का सीधा प्रसारण राज्य शिक्षा केन्द्र के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
लॉटरी के बाद आवेदक दोपहर 2:15 बजे से अपने बच्चों को आवंटित स्कूल की जानकारी आरटीई पोर्टल www.rteportal.mp.gov.in पर देख सकेंगे और आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी जानकारी भेजी जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 12(1)(C) के अनुसार, गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को कक्षा-1 या प्री-स्कूल की प्रथम प्रवेशित कक्षा में कम से कम 25 प्रतिशत सीटें निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। मध्य प्रदेश में इस प्रक्रिया को पूर्णत: पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन आवेदन और शाला आवंटन के माध्यम से किया जाता है।
इस वर्ष लगभग 1 लाख 78 हजार 714 बच्चे ऑनलाइन लॉटरी के लिए पात्र पाए गए हैं। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयनित बच्चों को प्रदेश के 22 हजार निजी विद्यालयों की 1 लाख 22 हजार 551 सीटों पर प्रवेश मिलेगा।
शाला आवंटन के बाद चयनित बच्चों के अभिभावक 3 से 15 अप्रैल 2026 के बीच उन्हें आवंटित शालाओं में जाकर निःशुल्क प्रवेश करा सकेंगे।












