इंदौर, 01 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पहले ही दिन विद्यालय पहुंचे नव प्रवेशित सहित अन्य विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के साथ स्कूल बैग, टिफिन और पानी की बोतल जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई।
“स्कूल चले हम” अभियान के अंतर्गत जिले का मुख्य कार्यक्रम सांदीपनी नवीन मालवा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महू नाका में प्रवेश उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। यह आयोजन जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, कलेक्टर शिवम वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन तथा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. शांता भार्गव स्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति के माध्यम से परिवर्तन आया है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नवाचार और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं और उनका भविष्य मजबूत हो रहा है











