मंदसौर, 01 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के मंदसौर में बुधवार को कलेक्टर अदिती गर्ग ने संजय गांधी उद्यान (पं. मदनलाल जोशी सभागृह) में पुस्तक मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया और मेले की औपचारिक शुरुआत हुई।
उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बघेल, सीएसपी मंदसौर, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पुस्तक विक्रेता और अन्य उपस्थित रहे। इस मेले का आयोजन 5 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा।
मेले में करीब 20 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें शैक्षणिक पुस्तकों, कॉपियों और अन्य सामग्री पर विशेष छूट दी जा रही है। निजी प्रकाशनों की पुस्तकों पर 15%, कॉपियों पर 30% और शैक्षणिक सामग्री पर 10% की छूट उपलब्ध है। एनसीईआरटी की पुस्तकें नेट रेट पर खरीदी जा सकती हैं। इसके साथ ही मेले में करियर काउंसलिंग की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
पुस्तक बैंक इस मेले का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। इसमें विद्यार्थी और अभिभावक अपनी पुरानी पुस्तकें स्वेच्छा से दान कर रहे हैं। विशेष रूप से घर की बालिकाओं द्वारा 11वीं, 9वीं और द्वितीय कक्षा की पुस्तकों का दान किया गया, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए बधाई दी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुस्तक बैंक में पुस्तकों का व्यवस्थित प्रदर्शन किया जाए और कक्षा-वार रैक बनाकर उन्हें सजाया जाए, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को आसानी से पुस्तकें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि मेले में एमपी बोर्ड, सीबीएसई और एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की सभी प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और अन्य आवश्यक सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों को सुलभ दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। कलेक्टर ने जिले के अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे पुस्तक मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नई कक्षा में प्रवेश करने वाले विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तकें पुस्तक बैंक में दान कर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करें।












