धमतरी, 30 मार्च।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई ने छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सोमवार को जिलेभर के प्रमुख महाविद्यालयों में एक साथ प्रदर्शन किया। छात्रों और संगठन के पदाधिकारियों ने प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही और नारेबाजी भी की गई।
एनएसयूआई ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव न कराए जाने के कारण छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि चुनाव केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि छात्रों को नेतृत्व विकसित करने और प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव जल्द बहाल नहीं किए गए, तो संगठन चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगा। बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में ज्ञापन सौंपने के दौरान माहौल गरम रहा और छात्रों ने जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर एनएसयूआई ने हर कक्षा में कूलर लगाने की मांग भी उठाई और कहा कि यदि व्यवस्था नहीं की गई तो 10 अप्रैल को कॉलेज का घेराव किया जाएगा।
जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रत्येक महाविद्यालय में नियुक्त प्रभारी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया और ज्ञापन प्रक्रिया को सफल बनाया। संगठन ने कहा कि आने वाले दिनों में छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपे गए महाविद्यालयों में नगरी, मगरलोड, कुरुद, भखारा, जीजामगांव, पीजी कॉलेज धमतरी, जेनेसीस कॉलेज, गुरुकुल महाविद्यालय मगरलोड, महामाया कॉलेज, रिलायंस/फ्लोरेन्स नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज रुद्री, केएल कॉलेज, आमदी कॉलेज, कॉम्पटेक कॉलेज, कंडेल कॉलेज और गर्ल्स कॉलेज धमतरी शामिल हैं।











