भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में मंदाकिनी चौराहे पर शिफ्ट हुई शराब दुकान के खिलाफ शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन तेज रहा। शाम के समय स्थानीय समाज के कई लोग दुकान के सामने एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की। विरोध के दौरान कर्मचारियों ने दुकान का शटर गिरा दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शन में कोलार कांग्रेस के कार्यकर्ता, कोलार रोड के निवासी और जैन समाज के लोग शामिल हुए। विरोध की अगुवाई कांग्रेस अध्यक्ष राठौड़ ने की। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार एनएस परमार और एसीपी अशोक श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर सकल जैन समाज के अखिलेश जैन, सागर प्रीमियम टावर के डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह, शराब विरोधी मोर्चे के बबलू खान, जैन समाज के राजू जैन और संदीप तारण भी मौजूद रहे। राठौड़ ने कहा कि जब तक शराब दुकान बंद नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा और यह दुकान किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट की जानी चाहिए।
यह शराब दुकान पहले कोलार रोड के सर्वधर्म इलाके में स्थित थी, जिसे अब मंदाकिनी चौराहे पर शिफ्ट कर दिया गया है। चौराहे के ठीक पीछे मंदाकिनी जैन मंदिर और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। विरोध का मुख्य कारण यह है कि दुकान धार्मिक और आवासीय क्षेत्र के बेहद नजदीक खुल गई है।











