बलिया, 31 मार्च।
पूर्व प्रधानमंत्री युवा तुर्क चंद्रशेखर की जयंती के शताब्दी वर्ष के मौके पर 19 अप्रैल को बलिया में होने वाली 7वीं चंद्रशेखर हॉफ मैराथन में इस बार पुरस्कारों की राशि में इज़ाफा किया गया है। यह घोषणा राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति द्वारा मंगलवार को की गई।
समिति के सचिव उपेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, जो आयोजन समिति के संरक्षक हैं, ने इस बार शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और इसकी अंतिम तिथि 18 अप्रैल निर्धारित की गई है।
रजिस्ट्रेशन के लिए 200 रुपये एंट्री फीस रखी गई है, और धावकों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था नि:शुल्क होगी। नीरज शेखर ने बताया कि इस बार प्रथम स्थान पर आने वाले को एक लाख 25 हजार रुपये, द्वितीय को 65 हजार, और तृतीय को 35 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं, चतुर्थ, पंचम, छठवां, सातवां और 8वें से 15वें स्थान तक के रनर्स को क्रमशः 18 हजार, 10 हजार, 5 हजार, ढाई हजार रुपये और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11 सौ रुपये दिए जाएंगे।
सद्भावना दौड़ में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को आकर्षक परिधान दिए जाएंगे। एक अप्रैल से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया वेबसाइट पर शुरू हो जाएगी, और 17 अप्रैल तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। वहीं, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 18 अप्रैल को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।
इस आयोजन में विशेष इंतजाम किए गए हैं, और मैराथन के समापन पर भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।












