पटना, 01 अप्रैल।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर स्थित बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययन कर रहे छात्रों से संवाद किया और उन्हें मेहनत और लगन से प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य बेहतर रोजगार सुनिश्चित करना है और सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बिहार में युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाद्री छात्रावास का भी निरीक्षण किया और अन्य छात्रावासों में सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को परिसर को व्यवस्थित रखने और छात्रों की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव कौशल किशोर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












