मुंबई, 23 अप्रैल।
आईपीएल 2026 में गुरुवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 103 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 104 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत मजबूत रही और टीम ने निर्धारित ओवरों में 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन इस मैच के हीरो रहे, जिन्होंने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। ऋतुराज गायकवाड़ ने 22, डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 और जेमी ओवर्टन ने 15 रन बनाए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने केवल 11 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने 73 रन की साझेदारी कर वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम लगातार विकेट खोती रही। हार्दिक पांड्या मात्र 1 रन बनाकर आउट हुए और पूरी टीम 104 रन पर ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजी में चेन्नई की ओर से अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट लिए। नूर अहमद ने 2 विकेट झटके, जबकि मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवर्टन को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने न केवल मुंबई इंडियंस पर बड़ी जीत दर्ज की बल्कि रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी आईपीएल जीत भी हासिल की। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार बन गई।
इस परिणाम के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस आठवें स्थान पर खिसक गई है।











