मथुरा, 21 मार्च 2026।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शनिवार को मथुरा के गोवर्धन पहुंचीं और गोल्फ कार्ट के माध्यम से गोवर्धन पर्वत की सात कोस की परिक्रमा शुरू की। वे गोवर्धन पहुंचने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं और परिक्रमा पूरी करने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु शुक्रवार को वृंदावन में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम पहुंची और नंद किशोर सोमानी कैंसर चिकित्सा ब्लॉक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन आध्यात्मिक चेतना और मानवतावादी सेवा का संगम प्रस्तुत करता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद द्वारा मानवता के कल्याण के लिए स्थापित संस्थागत दृष्टिकोण की सराहना की और प्रेम, सेवा और करुणा को ईश्वर प्राप्ति का सर्वोच्च मार्ग बताया।
गुरुवार शाम राष्ट्रपति मुर्मु मथुरा पहुंचीं और इस्कॉन मंदिर में प्रार्थना तथा शाम की आरती में शामिल हुईं। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने श्री हित राधा केली कुंज आश्रम का दौरा किया और प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से शिष्टाचार भेंट की। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हुई इस मुलाकात में अध्यात्म, सेवा और जनकल्याण पर गहन चर्चा हुई।
राष्ट्रपति ने आश्रम में समय बिताते हुए संत प्रेमानंद महाराज के आशीर्वाद लिए और उनके विचारों को समझा। इसके अतिरिक्त साध्वी ऋतंभरा की संस्था वात्सल्य ग्राम का भी दौरा किया, जहां उन्होंने बुजुर्गों और अनाथ बच्चों से मुलाकात कर उनकी देखभाल और संस्थान के कार्यों की जानकारी ली।












