नई दिल्ली, 02 अप्रैल।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हनुमान जन्मोत्सव पर करोल बाग स्थित हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रभु श्रीराम के परम भक्त, अंजनीपुत्र हनुमान जी से दिल्ली के प्रत्येक परिवार की खुशहाली, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हनुमान जी की अखंड भक्ति, निस्वार्थ सेवा और अद्वितीय पराक्रम सनातन जीवन मूल्यों का सर्वोच्च उदाहरण हैं। उनका जीवन इस बात का संदेश देता है कि जब हृदय में राम का स्मरण हो, तो प्रत्येक संकट स्वतः ही दूर हो जाता है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि संकट मोचन हनुमान की कृपा से सभी के जीवन में साहस, सेवा, संयम और समर्पण का संचार हो। उन्होंने सभी को हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से हनुमान की भक्ति का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और सेवा के आदर्श हमें कर्म के प्रति अटूट निष्ठा और लोककल्याण की भावना प्रदान करते हैं। अंजनीपुत्र के अदम्य साहस और परम विनम्रता का स्वरूप यह सिखाता है कि बड़े से बड़े संकटों पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है।












