मुंबई, 07 मई।
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के लिए एक और बड़ा हॉलीवुड प्रोजेक्ट सामने आया है, जिसके तहत वह जल्द ही सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘रीसेट’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ हॉलीवुड अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम मुख्य भूमिका निभाते दिखाई देंगे और इस नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन मैट स्मुक्लर कर रहे हैं और इसकी शूटिंग अगस्त 2026 से शुरू होने की योजना है।
जानकारी के अनुसार फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला पर आधारित है, जो खुद को एक सुनसान जंगल में फंसा हुआ पाती है और उसे यह भी याद नहीं रहता कि वह वहां कैसे पहुंची। अपनी जान बचाने के लिए उसे एक रहस्यमयी अजनबी पर निर्भर होना पड़ता है, जिसका किरदार ऑरलैंडो ब्लूम निभाएंगे। निर्देशक के मुताबिक प्रियंका और ऑरलैंडो की जोड़ी में रहस्य और आकर्षण का संतुलन देखने को मिलेगा, जिससे कहानी और अधिक प्रभावशाली बन जाएगी।
इस फिल्म की खास बात यह है कि प्रियंका केवल अभिनय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह इसके निर्माण से भी जुड़ी हैं। उनकी प्रोडक्शन कंपनी ‘पर्पल पेबल पिक्चर्स’ और ऑरलैंडो की कंपनी ‘अमेजिंग आउल’ मिलकर इस प्रोजेक्ट का सह-निर्माण कर रही हैं। इसके अलावा जॉन होएबर, एरिच होएबर, माइकल लाजारोविच और मैथ्यू रोड्स भी फिल्म के निर्माण से जुड़े हुए हैं।
हॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा की पहचान लगातार मजबूत होती जा रही है और उनकी हालिया परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। वह जल्द ही अपनी लोकप्रिय सीरीज ‘सिटाडेल’ के दूसरे सीजन के साथ-साथ एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में भी नजर आएंगी।












.jpg)
