भोपाल, 27 नवंबर।
पुलिस आरक्षक (जीडी) भर्ती परीक्षा-2026 के लिए नई तारीख घोषित होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के अनुसार परीक्षा केंद्र देने की मांग उठाई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि परीक्षार्थियों को गृह जिले या आसपास के शहरों में केंद्र आवंटित किए जाएं, ताकि उन्हें परीक्षा के लिए दूर-दराज की यात्रा नहीं करनी पड़े।
पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्थगित पुलिस भर्ती परीक्षा अब 9 दिसंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा की नई तारीख सामने आने के बाद अभ्यर्थियों में केंद्र आवंटन को लेकर चिंता है। पिछली परीक्षाओं में दूरस्थ केंद्र मिलने की शिकायतें सामने आई थीं। अलीराजपुर के परीक्षार्थियों को रीवा और सतना जैसे शहरों में केंद्र दिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
उन्होंने कहा कि दूर शहरों में परीक्षा देने जाने से गरीब और मध्यमवर्गीय युवाओं पर यात्रा, ठहरने और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ता है। सर्दियों में लंबी दूरी तय करना भी कठिन हो जाता है।
पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रवेश पत्र जारी होने से पहले केंद्र आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की मांग की। उन्होंने कर्मचारी चयन मंडल तथा परीक्षा संचालित करने वाली कंपनी की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने का आग्रह किया। उनका कहना है कि मेहनत से तैयारी करने वाले युवाओं को परीक्षा में उचित सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी है।

















