भोपाल, 27 नवंबर।
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च के लिए लाल परेड मैदान आवंटित करने की मांग की है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। इसमें कार्यक्रम से सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, ताकि आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि लाल परेड मैदान में पहले भी राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। हाल के महीनों में भी यहां विभिन्न आयोजन हुए हैं, इसलिए कांग्रेस को भी यह मैदान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
नायक के अनुसार, प्रस्तावित मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी सहित विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस का अनुमान है कि कार्यक्रम में एक से डेढ़ लाख लोग जुटेंगे। इतनी बड़ी सहभागिता के मद्देनजर लाल परेड मैदान को उपयुक्त बताया गया है।
उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल को लेकर अनिश्चितता से तैयारियों पर असर पड़ सकता है। कांग्रेस प्रशासन से जल्द निर्णय चाहती है। मैदान मिलने के बाद मंच, डोम, ध्वनि व्यवस्था, बैरिकेडिंग सहित अन्य इंतजाम करने के लिए कम से कम सात दिन आवश्यक होंगे।
नायक ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने अनुमति प्रक्रिया यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से पूरी होने की जानकारी दी है। आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से नियमानुसार भेजा जाएगा। निर्णय की जानकारी आज या कल फोन पर देने का आश्वासन मिला है।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुकेश नायक, सुखदेव पांसे, प्रवीण सक्सेना, विक्रम चौधरी, अभिनव बरोलिया, प्रवीण ढोलपुरे और अभिषेक शर्मा शामिल रहे।

















