भोपाल, 26 नवंबर।
भारतीय जनता पार्टी के आगामी 25 दिवसीय सेवा दूत अभियान की तैयारियों के तहत गुरुवार को भोपाल में चार संभागों के सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अभियान 1 से 25 दिसंबर तक प्रदेश में संचालित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और वैश्विक पहचान के नए आयाम हासिल कर रहा है। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे देश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत, संवैधानिक मूल्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के जरिए प्रदेश के 1,313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक सेवा और संवाद का संदेश पहुंचाया जाएगा। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने जनसमस्याओं को समझने, लाभार्थियों से संपर्क करने और नशामुक्ति, स्वच्छता व नवमतदाता जागरूकता गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। कार्यशाला में अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

















