भोपाल, 26 नवंबर।
वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन में कार्यरत बाहरी सेवा के कर्मचारियों को नियमित करने और बोनस दिलाने की मांग को लेकर सेमी गवर्नमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने कार्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेई ने किया।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं और मांगों से अध्यक्ष को अवगत कराया गया। इस पर संजय नागाइच ने आश्वासन दिया कि नियमितीकरण और बोनस भुगतान से जुड़े विषयों पर नियमानुसार जल्द कार्रवाई की जाएगी।
फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेई ने कहा कि कार्पोरेशन के अध्यक्ष कर्मचारियों के हितों के प्रति सकारात्मक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा।
अध्यक्ष की ओर से आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बाहरी सेवा से जुड़े कर्मचारी प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

















