भोपाल, 26 नवंबर।
45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश मंडप को बेहतर प्रदर्शन के लिए कांस्य पदक मिला है। भारत मंडपम में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में प्रदेश को यह सम्मान प्रदान किया। मध्यप्रदेश की ओर से मंडप संचालक बीएन तिवारी ने पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में उद्योग विभाग के संयुक्त संचालक समरथ मंडलोई सहित अधिकारी, कलाकार और शिल्पकार मौजूद रहे।
मेले की विकास और विरासत विषयवस्तु के अनुरूप मध्यप्रदेश मंडप को सजाया गया था। यहां प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास नीति-2025, मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति एवं क्रियान्वयन योजना-2025 और औद्योगिक भूमि आवंटन नियमों की जानकारी भी दी गई।
मंडप का प्रवेश द्वार महाकाल लोक की तर्ज पर तैयार किया गया। उज्जैन की वेधशाला, वराहमिहिर की खगोलीय परंपरा और विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के साथ खजुराहो, सांची, भीमबैठका, महेश्वर, राजवाड़ा और ग्वालियर दुर्ग की विरासत को भी दर्शाया गया।
















