खेल वाटिका की खासियत यह है कि मध्य प्रदेश एशियन वूमेन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में हिस्सा लेने वाले छह देशों की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने यहां स्वयं पौधे लगाए हैं। खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए पौधे अंतरराष्ट्रीय मित्रता, एकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।
मंत्री सारंग ने कहा कि खेल वाटिका अंतरराष्ट्रीय खेल मैत्री, सद्भावना और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संदेश देगी। यह नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर की स्थायी विरासत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को खेलों के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगी।
हॉकी इंडिया और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संयुक्त पहल का उद्देश्य खेलों को प्रतिस्पर्धा और पदकों से आगे बढ़ाकर सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सद्भावना से जोड़ना है। वाटिका में लगाए गए पौधे प्रतियोगिता की यादों को लंबे समय तक जीवंत रखेंगे।
लोकार्पण के बाद मंत्री सारंग ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी पदाधिकारियों के साथ खेल गांव का भ्रमण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए आवासीय व्यवस्थाओं, सुविधाओं और खेल अधोसंरचना का जायजा लिया। अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भी परिसर में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

















