भोपाल, 27 नवंबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वास्तविक महानता पद, प्रतिष्ठा या धन-दौलत से नहीं, बल्कि त्याग, तप, ज्ञान और समस्त जीवों के कल्याण के लिए किए गए निस्वार्थ कार्यों से हासिल होती है। जीवन में परोपकार और दूसरों के हित के लिए समर्पण ही व्यक्ति को महान बनाता है।
शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में आचार्य विद्यासागर जी महाराज की स्मृति में जारी स्मारक डाक टिकट के विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री ने उनके जीवन और विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज तपस्या, संयम, त्याग और करुणा के अद्भुत प्रतीक थे। उनके जीवन का संदेश समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य ने पारिवारिक जीवन छोड़कर साधना और जनकल्याण का मार्ग अपनाया तथा ‘जियो और जीने दो’ की भावना को व्यवहार में उतारा। केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने पांच रुपये मूल्य के स्मारक डाक टिकट के जारी होने को श्रद्धांजलि बताया।
संत समय सागर महाराज के सानिध्य में टिकट का विमोचन हुआ। मुख्यमंत्री ने संत के चरण प्रक्षालन किए और आचार्य के चित्र का अनावरण किया। कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, डाक विभाग के अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

















