मुंबई, 17 अप्रैल।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार खेल दिखाते हुए मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से पराजित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई की ओर से क्विंटन डिकॉक की नाबाद 112 रनों की शानदार पारी भी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 195 रन पर 6 विकेट खोकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंदों में 112 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेली, जिसमें कई चौके और छक्के शामिल रहे। उनके साथ नमन धीर ने 50 रन बनाए और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिससे टीम शुरुआती झटकों से उबरकर सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 16.3 ओवर में 198 रन पर 3 विकेट के साथ मैच अपने नाम कर लिया। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 80 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन बनाकर जीत की नींव मजबूत कर दी। दोनों के बीच 139 रनों की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड भी बने, जहां प्रभसिमरन सिंह 25 वर्ष की उम्र से पहले पंजाब किंग्स के लिए सबसे अधिक 50 से अधिक रनों की पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। वहीं श्रेयस अय्यर ने वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला अर्धशतक जड़ते हुए 11 साल का इंतजार समाप्त किया और लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी खेली।
मुंबई की गेंदबाजी इस मुकाबले में प्रभावहीन रही और अल्लाह गजनफर को छोड़कर कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। पंजाब किंग्स की यह पांच मैचों में चौथी जीत है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने इस सीजन में खुद को खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित कर दिया है, जबकि मुंबई इंडियंस को लगातार चौथी हार के बाद अपने प्रदर्शन पर गंभीर मंथन करना होगा।







.jpg)
.jpg)





.jpg)