बेंगलुरु, 15 अप्रैल।
आईपीएल 2026 के 23वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) को 5 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ के खिलाफ पहली बार सफलता हासिल की।
इस जीत के बाद रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने अंक तालिका में पहला स्थान प्राप्त कर लिया है। टीम ने पहले गेंदबाजी और फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए संतुलित खेल दिखाया और पूरे मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।
लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मिचेल मार्श ने 40 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान देने में नाकाम रहे और टीम लगातार विकेट गंवाती रही।
आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में रसिख सलाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए। क्रुणाल पांड्या को 2 और जोश हेजलवुड को 1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज की। विराट कोहली ने 34 गेंदों पर 49 रन बनाकर जीत की मजबूत नींव रखी। यह पहला मौका रहा जब कोहली आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेले और वह अपने आईपीएल करियर में पहली बार 49 रन पर आउट हुए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप भी हासिल कर ली।
कप्तान रजत पाटीदार ने 27 रन और जितेश शर्मा ने 23 रन का अहम योगदान दिया। लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।
इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार मजबूत प्रदर्शन जारी रखते हुए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। टीम ने 5 मैचों में 4 जीत के साथ 8 अंक हासिल कर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।





.jpg)

.jpg)





