राष्ट्रीय खेल
16 Apr, 2026

पीजीडीएवी कॉलेज की बड़ी जीत, शिवाजी कॉलेज को 175 रन से हराया

पीजीडीएवी कॉलेज ने स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 टूर्नामेंट में शिवाजी कॉलेज को 175 रन से हराया। यश डबास और करण सोनी के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को बड़ी जीत दिलाई।

नई दिल्ली, 16 अप्रैल।

तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान पीजीडीएवी कॉलेज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को शिवाजी कॉलेज को 175 रनों के बड़े अंतर से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

इस मैच के सबसे बड़े नायक यश डबास रहे, जिन्होंने मात्र 51 गेंदों में 161 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 15 छक्के लगाए। इसके अलावा श्रेष्ठ यादव (58) और अंकित कुमार (53) ने भी अर्धशतक जमाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 332 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में शिवाजी कॉलेज की टीम 15.3 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। शिवाजी कॉलेज की ओर से प्रियांश सिंह ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि धैर्य मल्होत्रा ने गेंदबाजी में 3 विकेट हासिल किए।

पीजीडीएवी कॉलेज की ओर से वैभव पांडे ने 13 रन देकर 4 विकेट और प्रणीत ने 17 रन देकर 3 विकेट लेते हुए विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में रखा। यश डबास को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जिसे डॉ. पवन डबास ने प्रदान किया।

टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में पीजीडीएवी येलो टीम ने शहीद भगत सिंह कॉलेज को 87 रनों से मात दी। इस मैच में करण सोनी ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया और 52 गेंदों में 132 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 12 छक्के शामिल थे। साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में 11 रन देकर 3 विकेट भी लिए।

नैतिक यादव (40) और अंश जाखड़ (3/38) ने भी टीम की जीत में योगदान दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी येलो टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 265 रन बनाए। जवाब में शहीद भगत सिंह कॉलेज की टीम 19.2 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।

पराजित टीम की ओर से वरदान सूरी ने 23 रन बनाए, जबकि अभय और शास्वत ने दो-दो विकेट हासिल किए। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़