नई दिल्ली, 17 अप्रैल।
तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को आईजीआईपीईएसएस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए श्याम लाल कॉलेज को 100 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। इस मुकाबले में टीम की जीत में सबसे बड़ी भूमिका हर्षित अनेजा की रही, जिन्होंने मात्र 23 गेंदों में 65 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आईजीआईपीईएसएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 260 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हर्षित अनेजा के अलावा दीपान्शु ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। गेंदबाजी में कार्तिक कालरा ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत को मजबूत आधार दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्याम लाल कॉलेज की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 160 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अस्मित पंवार ने 36 रन और रवि राज ने 29 रन बनाए, जबकि संदीप ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में डीसीएसी ने आरएलएसी को 72 रनों से हराया। डीसीएसी की ओर से सुयश प्रताप ने 42 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
डीसीएसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 182 रन बनाए, जबकि जवाब में आरएलएसी की टीम 16.3 ओवरों में 110 रन पर ऑल आउट हो गई। आरएलएसी की ओर से तन्मय चोपड़ा ने 22 रन बनाए। डीसीएसी के लिए मनित वर्मा ने 3/17, अराधुआ सती ने 3/26, जबकि अंकित और अंशुल ने क्रमशः 3 और 2 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।







.jpg)
.jpg)





.jpg)