रायपुर, 01 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नक्सलवाद मुक्त भारत के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने अपने पत्र में 31 मार्च 2026 के दिन को देश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए इसे नई आशा और नई सुबह से जोड़कर देखा।
पत्र में डॉ. सिंह ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के दृढ़ संकल्प से दशकों से नक्सलवाद की मार झेल रही भारत भूमि अब पूरी तरह अलोकतांत्रिक विचारधारा से मुक्त हुई है। उन्होंने माओ और लेनिन जैसी लोकतंत्र विरोधी विचारधारा के कारण बस्तर और नक्सलबाड़ी में हजारों निर्दोष लोगों की पीड़ा और विकास में बाधा का जिक्र किया।
डॉ. सिंह ने पूर्व यूपीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय केंद्रीय स्तर पर नक्सलवाद को राज्य की समस्या मानकर नजरअंदाज किया गया। हालाँकि, बाद में यूपीए के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा माना, लेकिन समाधान पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने सलवा जुडूम जैसे स्वफूर्त आंदोलनों और स्थानीय नेताओं के प्रयासों का जिक्र किया, जिन्हें केंद्र सरकार ने उस समय खुले तौर पर समर्थन नहीं दिया।

डॉ. सिंह ने आगे लिखा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के साथ नक्सलवाद के समूल नाश की योजना शुरू हुई। 2019 में अमित शाह के गृह मंत्री बनने के बाद छत्तीसगढ़वासियों का विश्वास और दृढ़ हुआ कि पूरे देश को नक्सलवाद से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2024 को देश से नक्सलवाद समाप्त करने की घोषणा के समय पहले संदेह था, लेकिन जम्मू कश्मीर में धारा 370 के समाधान का उदाहरण देख विश्वास मजबूत हुआ।
पत्र में डॉ. सिंह ने अमित शाह की रणनीति, दृढ़ इच्छाशक्ति और संपूर्ण सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके योगदान के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के बाद देश को ऐसा मजबूत गृहमंत्री मिला है, जिसने राष्ट्रहित में असंभव कार्य को संभव किया।
अंत में डॉ. सिंह ने लिखा कि बस्तर में नक्सलवाद समाप्त होने के साथ ही विकास का नया दौर शुरू होगा। आदिवासी समुदाय को रोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, युवा वर्ग कौशल विकास से आगे बढ़ेगा और क्षेत्र आत्मनिर्भर बनकर सम्मान के साथ जीवन यापन करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के योगदान के लिए 3 करोड़ छत्तीसगढ़वासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।












