देहरादून, 02 मई।
रामनगर क्षेत्र के निवासियों के लिए वर्षों पुरानी रेल सेवा की मांग अब पूरी होने जा रही है। रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा जल्द शुरू होगी। इस संबंध में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जनवरी माह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की थी, और रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया था।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सेवा के संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस ट्रेन सेवा की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही, रामनगर के तिरुमदारा में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव भी शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को राहत मिली है।
बलूनी ने क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि इससे क्षेत्र के विकास में नई गति मिलेगी। यह कदम न केवल क्षेत्रवासियों की मांग को पूरा करता है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि करेगा।
नई रेल सेवा क्षेत्र के विकास को देगी गति
इस रेल सेवा की शुरुआत से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा, बल्कि इससे क्षेत्र का समग्र विकास भी होगा। यह निर्णय क्षेत्र में सुविधाओं को बेहतर बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद करेगा।











