भोपाल, 28 अप्रैल
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति को विन्ध्य विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नामित किया गया है। राज्य शासन ने विन्ध्य क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए।
जारी आदेश के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह तथा संजय तीर्थानी को विन्ध्य विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंचूलाल प्रजापति पूर्व में रीवा जिले की मनगवां और देवतालाब विधानसभा सीटों से विधायक रह चुके हैं।
इसी तरह उपाध्यक्ष बनाए गए डॉ. अजय सिंह ने रीवा जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है, वहीं संजय तीर्थानी लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विन्ध्य विकास प्राधिकरण का पद क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले चार दिनों से प्रदेश में निगम मंडलों, विकास प्राधिकरणों और आयोगों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य पदों पर लगातार नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है, और आगे भी यह क्रम जारी रहने की संभावना है।













