वाराणसी, 28 अप्रैल।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में सहभागिता हेतु वाराणसी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान के साथ पावन ज्योतिर्लिंग का अभिषेक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न की।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार बाबा दरबार पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को स्मृति चिन्ह तथा प्रसाद भेंट किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इससे पूर्व बाबतपुर हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना किया गया। बाबतपुर हवाई अड्डे से शिवपुर, अतुलानंद, पुलिस लाइन तिराहा, चौकाघाट, लहुराबीर और मैदागिन होते हुए उनका काफिला मंदिर पहुंचा। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा स्वागत स्थलों पर ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया गया।













