बाराबंकी, 28 अप्रैल।
जनपद बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर ग्राम मंगलपुर कट के समीप तेज गति से आ रही बोलेरो ने बाइक पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को त्रिवेदीगंज सीएचसी पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय बासदेव निवासी निजामपुर गोसाईगंज और 42 वर्षीय उदयराज निवासी ललईखेड़ा थाना लोनीकटरा के रूप में हुई है। उदयराज के घर दो दिन पूर्व ही वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। वह अपने रिश्तेदार बासदेव के साथ मंगलपुर चौराहे पर चाय पीकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।













