सुलतानपुर, 28 अप्रैल।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया जब लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक लग्जरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक 5 वर्षीय बच्ची सहित कुल 12 यात्री घायल हो गए, जिनका उपचार सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 100 यात्री सवार थे, जो लुधियाना से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। धनपतगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 108 के पास सुबह के समय बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई। हादसे में कुल 57 यात्री प्रभावित हुए, जिनमें 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस को कंडक्टर चला रहा था और शुरुआत से ही वाहन की गति और संचालन ठीक नहीं था, जिससे दुर्घटना की स्थिति बनी।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया और राहत कार्य शुरू किया गया। अधिकतर यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
गंभीर रूप से घायल 12 यात्रियों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि 34 अन्य घायलों को कूरेभार भेजा गया। प्रशासन ने सभी घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है। बाद में यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।













