वाराणसी, 28 अप्रैल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन के दौरान मौसम ने भी अनुकूल रुख अपनाया, जिससे शहरवासियों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली। मंगलवार को आसमान में बादलों की आवाजाही और हवाओं के चलने से वातावरण में ठंडक महसूस की गई, जिससे तपिश और झुलसाने वाली धूप का असर काफी कम हो गया। पिछले कुछ दिनों से जहां तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ था, वहीं इसमें गिरावट दर्ज करते हुए पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में आए इस बदलाव से राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया।
तेज धूप और लू के कारण प्रधानमंत्री की जनसभा में अधिक भीड़ जुटने की संभावना भी बढ़ गई है। बरेका स्थित सभा स्थल पर लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पानी की व्यवस्था के साथ-साथ वाटर कूलर और शीतल फुहारों की भी व्यवस्था की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों तक वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा रहेगा और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मंगलवार सुबह से ही वातावरण में नमी बढ़ने के साथ हवाओं के कारण धूप की तीव्रता कम होती देखी गई। इससे पूर्व सोमवार देर रात झांसी क्षेत्र में लगभग आधे घंटे तक बारिश हुई, जबकि लखनऊ और गाजियाबाद में धूल भरी तेज हवाएं चलीं। पूर्वी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश के 17 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की जानकारी देते हुए बारिश की संभावना भी जताई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को लेकर शहर में तैयारियां भी जोरों पर हैं।



.jpg)









