प्रयागराज, 26 मार्च 2026।
रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज में गुरुवार को नवरात्र के आठवें दिन दुर्गाष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 51 कन्याओं का माता महागौरी के रूप में विधिवत पूजन किया गया और उन्हें उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय एवं उनकी धर्मपत्नी सीता पाण्डेय के नेतृत्व में पूरे विद्यालय परिवार ने कन्याओं का पूजन-आरती किया। इस दौरान विद्यार्थियों और अध्यापकों ने माता महागौरी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की और देश तथा विद्यालय की प्रगति की कामना की।
विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि अष्टमी पर्व विशेष रूप से नवरात्रि की महाअष्टमी हिंदू धर्म में देवी दुर्गा की शक्ति और दिव्य नारीत्व का प्रतीक है। इस दिन बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश मिलता है। कन्या पूजन का विशेष महत्व है क्योंकि यह शक्ति के चरम रूप को समर्पित होता है और आध्यात्मिक नवीनीकरण एवं साहस प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।












