औरैया, 27 मार्च 2026।
समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मिणी निषाद शुक्रवार को पहली बार औरैया पहुंचीं। जिला मुख्यालय ककोर स्थित सपा कार्यालय में उनका स्वागत कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और मुकुट के साथ जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की।
इस अवसर पर रुक्मिणी निषाद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह गांव-गांव और गली-गली जाकर सभी समाज की माताओं और बहनों को जागरूक करेंगी और उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना उनका मुख्य उद्देश्य है। रुक्मिणी निषाद ने भरोसा दिलाया कि पूरी निष्ठा, शक्ति और समर्पण के साथ कार्य करते हुए समाजवादी पार्टी को वर्ष 2027 में सत्ता में लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों को समान सम्मान दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बताया कि रुक्मिणी निषाद को महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से समाज में सकारात्मक संदेश गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता लाल जी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, राजकुमार गौतम, राजनारायण बघेल, खुशी लाल निषाद, अनवर यादव, भगवती निषाद, मधु यादव, रश्मी यादव, निर्मला राजपूत, किरण, साधना यादव, प्रियंका, स्नेहलता दोहरे, मीना कठेरिया, हरी शंकर यादव, योगेश विरासिया और अजय दोहरे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











