सिलीगुड़ी, 26 मार्च।
सिलीगुड़ी महकमे के खोरीबाड़ी क्षेत्र की भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार रीना टोप्पो एक्का ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की। गुरुवार को पानीटंकी स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने एक दुर्घटना में घायल युवक से मुलाकात कर हालचाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
रीना टोप्पो एक्का ने सीमा इलाके के सतीशचंद्र चाय बागान का भी दौरा किया और वहां चाय श्रमिकों से संवाद किया। उम्मीदवार स्वयं पहले चाय श्रमिक रह चुकी हैं और इस दौरान उन्हें चाय तोड़ते हुए भी देखा गया।
चाय बागान के श्रमिकों से समर्थन मांगते हुए रीना टोप्पो एक्का ने कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को देखते हुए जनता इस बार उनका साथ देगी। उन्होंने प्रचार के दौरान मिल रहे जनसमर्थन को उत्साहजनक बताया और अपनी जीत पर भरोसा जताया।












