तिरुचि, 02 अप्रैल।
तमिल वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय ने गुरुवार को तिरुचि पूर्व विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
विजय इस समय चेन्नई के पेरंबूर और तिरुचि पूर्व दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। पेरंबूर सीट से उन्होंने 30 मार्च को नामांकन दाखिल कर दिया था। आज तिरुचि पूर्व सीट से नामांकन करने के लिए वे तिरुचि पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद विजय तिरुचि नगर निगम के बालाक्करै क्षेत्र स्थित जोनल कार्यालय में जाकर रिटर्निंग ऑफिसर मुथु मुरुगेसापांडियन के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर पार्टी के महासचिव एन. आनंद, संयुक्त महासचिव सी.डी.आर. निर्मलकुमार और तिरुचि जिला सचिव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
नामांकन के बाद विजय खुले प्रचार वाहन में खड़े होकर जनता के बीच निकले, जहां सड़क के दोनों ओर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जनसंपर्क अभियान शुरू कर लोगों से वोट की अपील की।
टीवीके राज्य की सभी 234 सीटों पर पहली बार अकेले चुनाव लड़ रही है। पार्टी के लिए यह महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव है और विजय खुद पेरंबूर और तिरुचि पूर्व दोनों सीटों पर मैदान में हैं। तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान 23 अप्रैल को होगा और चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।











