शिमला, 30 मार्च 2026।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शिमला जिला के कोटखाई क्षेत्र में चिट्टा बेचते पाए जाने पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा के साथ एक पिस्टल, चाकू और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम थाना कोटखाई के अंतर्गत कोकुनला के पास काले रंग की टाटा सफारी गाड़ी में सवार दो लोग चिट्टा बेचते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रमन जीत (50 वर्ष), निवासी मोहाली (पंजाब) और रूबेल (26 वर्ष), निवासी गांव ताकरोट डाकघर बगैर कोटखाई के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने 2.25 ग्राम चिट्टा, एक पिस्टल, एक छोटा चाकू और दो अतिरिक्त गैस सिलेंडर भी जब्त किए।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी नशे की सप्लाई कहां से ला रहे थे और किन तक पहुंचा रहे थे, इसकी भी जांच कर रही है।
इसी बीच शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। थाना चौपाल के अंतर्गत चंबी क्षेत्र के ननाहर मोड़ के पास पुलिस टीम ने नरेंद्र सिंह उर्फ भूरा (46 वर्ष), निवासी गांव गागना डाकघर चंबी तहसील चौपाल को 90 ग्राम चरस के साथ पकड़ा।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है और नशे के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।












