शिमला, 02 अप्रैल 2026।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना बालूगंज क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि 24 मार्च को पुलिस की स्पेशल सेल टीम आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा कैरी बैग में लेकर स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति शमशाद अहमद (42 वर्ष), निवासी जिला अंबाला, हरियाणा को रोका। गवाहों की मौजूदगी में उसके कैरी बैग की तलाशी लेने पर 288 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और उसे 25 मार्च को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।
गौरव सिंह ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने यह मादक पदार्थ कहां से प्राप्त किया और इसे किन लोगों तक पहुँचाने की योजना थी। उन्होंने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ अभियान इसी तरह जारी रहेगा।












