सतना, 02 मई।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जिससे चालक पवन सोनी की मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, पवन सोनी अपने भांजे की शादी में शामिल होकर ओंकार पैलेस गए थे और वहां से रिश्तेदारों को कार से घर छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे अमकुई गांव के पास पहुंचे, कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागौद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जसो थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना के कारण बताए जा रहे हैं।











