नीमच, 02 मई।
मध्य प्रदेश के नीमच जिले में शनिवार को एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। नीमच-झालावाड़ मार्ग पर बैंसला घाट के पास तेज रफ्तार तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन चालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में 2 मासूम बच्चों समेत 7 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गायरी गुर्जर समाज के लोग मनासा के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में भाग लेकर भानपुरा लौट रहे थे। करीब दोपहर 2 बजे बैंसला घाट के पास पटेल श्री होटल के निकट गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया, और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला। मृतकों में 55 वर्षीय सोहन बाई और 40 वर्षीय चालक भारत चौहान शामिल हैं।
घायलों को तत्काल रामपुरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एंबुलेंस के देरी से आने पर स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर वाहन को हटवाया और यातायात को सामान्य किया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।











