महोबा, 06 जून ।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र स्थित गुगौरा क्रशर प्लांट में हुए धमाके को लेकर खनिज विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा किसी एसी के फटने से नहीं बल्कि अवैध विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ था, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी।
इस घटना में धरौन निवासी प्रखर कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पनवाड़ी निवासी लालाराम गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रारंभ में घटना को लेकर एसी फटने की बात सामने आई थी, जिसे जांच में गलत पाया गया है।
खनन अधिकारी आर.बी. सिंह ने पनवाड़ी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि यह क्रशर प्लांट मोहित राजपूत और अन्य लोगों के नाम पर संचालित है और इसके पास ही खनन पट्टा भी है, जहां विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया जाता है।
जांच में सामने आया कि खनन कार्य से जुड़े विस्फोट के लिए अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री क्रशर प्लांट के एक कमरे में रखी गई थी, जिसमें विस्फोट होने से यह गंभीर हादसा हुआ।
प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं पुलिस ने क्रशर संचालक मोहित राजपूत सहित पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।









