नोएडा, 06 जून ।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में शनिवार को एक कपड़े के शोरूम में उस समय हंगामा हो गया जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ खरीदारी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया और मौके पर ही मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-49 स्थित एक शोरूम में महिला अपने प्रेमी पवन के साथ शॉपिंग करने आई थी, तभी उसका पति गौरव भी पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर वह गुस्से में आ गया और उसने शोरूम के अंदर ही महिला पर हमला कर दिया।
इस दौरान महिला के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। घटना के समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पति लगातार गाली-गलौज करता रहा और किसी की बात नहीं सुनी।
बताया गया है कि महिला अपने प्रेमी के साथ करीब 18 हजार रुपये की शॉपिंग कर रही थी। पति दिल्ली से पीछा करते हुए शोरूम तक पहुंचा था, जिसके बाद यह विवाद हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।









