जयपुर, 06 जून ।
कालवाड़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध के नाम पर लोगों को धमकाकर पैसे ऐंठने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिस अधिकारी, साइबर क्राइम अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर फर्जी पहचान का इस्तेमाल करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय प्रवीण के रूप में हुई है, जो झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ का निवासी है। वह फर्जी आईडी बनाकर लोगों को साइबर अपराध मामलों में फंसाने की धमकी देकर रुपये वसूलने का प्रयास करता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को झूठे साइबर केस में फंसाने की धमकी देता था और पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन भी करवाता था। बाद में बड़ी रकम की मांग कर डराया-धमकाया जाता था।
मामला तब सामने आया जब परिवादी राहुल योगी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी लगातार फोन कर खुद को साइबर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बता रहा था और उसे व उसके परिचित को साइबर केस में फंसाने की धमकी दे रहा था।
आरोपी ने फर्जी "साइबर क्राइम सूची" दिखाकर नाम हटाने के बदले पैसे की मांग की थी और रकम नहीं देने पर जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य संभावित नेटवर्क और ठगी के मामलों की जांच कर रही है।









