नई दिल्ली, 06 जून ।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 19 मई को हुए मोहम्मद अमानुल्लाह कुरैशी हत्याकांड के मुख्य आरोपी रिहान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली हवलदार हरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम झील पार्क इलाके में पहुंची थी, जहां आरोपी रिहान मौजूद था। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली से हवलदार बाल-बाल बच गए, जबकि चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दो और गोलियां चलाईं।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रिहान की टांग में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत काबू में लेकर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पिस्टल, कारतूस, खोखे और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड जनवरी में हुई एक पुरानी हत्या से जुड़ा है, जिसमें बदले की भावना में कई घटनाएं सामने आई थीं। इसी रंजिश के चलते अमानुल्लाह की हत्या की साजिश रची गई थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आरोपी की मां और भाई अभी फरार हैं। आरोपी रिहान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और अब उस पर हत्या के प्रयास और पुलिस पर फायरिंग के तहत नया केस दर्ज किया गया है।









